संजू पैकरा/बलौदाबाजार 18 मार्च 2026
जिले के 1 लाख से अधिक बिजली उपभोक्ताओं को मिलेगी बड़ी राहत, बकाया बिल में छूट
बलौदाबाजार, 18 मार्च 2026/ आर्थिक परेशानियों के कारण बिजली बिल का भुगतान नहीं कर पाने वाले उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। राज्य शासन द्वारा शुरू की गई मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के तहत जिले के 1 लाख 19 हजार 72 उपभोक्ताओं को बकाया बिजली बिल में छूट का लाभ मिलेगा।
योजना के अंतर्गत बीपीएल उपभोक्ताओं को मूल राशि में 75 प्रतिशत तक छूट दी जाएगी, वहीं घरेलू और कृषि उपभोक्ताओं को 50-50 प्रतिशत की छूट मिलेगी। इसके अलावा सभी वर्ग के उपभोक्ताओं को अधिभार (सरचार्ज) राशि में 100 प्रतिशत छूट प्रदान की जाएगी।
जिले में कुल 27 करोड़ 35 लाख रुपये से अधिक का बिजली बिल बकाया है, जिसमें बीपीएल, घरेलू और कृषि उपभोक्ता शामिल हैं। उपभोक्ता अपनी सुविधा के अनुसार एकमुश्त या किस्तों में भुगतान कर सकते हैं।
योजना का लाभ लेने के लिए पंजीयन अनिवार्य है, जिसे ऑनलाइन वेबसाइट, मोबाइल एप या नजदीकी बिजली कार्यालय में कराया जा सकता है। साथ ही, 19 मार्च से ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर लगाकर पंजीयन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
अधिक जानकारी के लिए उपभोक्ता टोल-फ्री नंबर 1912 पर संपर्क कर सकते हैं या नजदीकी बिजली कार्यालय में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
