छत्तीसगढ़ में पहली बार लगेगा ग्रेन एटीएम, अब एटीएम से मिलेगा चावल और गेहूं

छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। राज्य में पहली बार ग्रेन एटीएम लगाया जाएगा, जिससे लोगों को एटीएम की तरह मशीन से ही चावल और गेहूं मिल सकेगा। राज्य की पहली ग्रेन एटीएम मशीन राजधानी रायपुर के शास्त्री बाजार में लगाई जाएगी। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने इसके लिए स्थान भी तय कर लिया है।

जिला खाद्य नियंत्रक ने बताया कि शास्त्री बाजार में ग्रेन एटीएम लगाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। राज्य सरकार से इस पायलट प्रोजेक्ट को अंतिम मंजूरी मिलते ही मशीन लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।

बायोमैट्रिक से मिलेगा राशन

ग्रेन एटीएम से राशन लेने के लिए लोगों को राशन कार्ड नंबर दर्ज करना होगा और अंगूठे का बायोमैट्रिक सत्यापन करना होगा। इसके बाद मशीन से सीधे चावल या गेहूं मिल जाएगा। इससे लोगों को राशन दुकानों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और लंबी कतारों से भी राहत मिलेगी।

पारदर्शिता बढ़ेगी, गड़बड़ी की संभावना कम

इस मशीन के जरिए मिलने वाले राशन का पूरा रिकॉर्ड डिजिटल और ऑनलाइन दर्ज होगा। अधिकारियों के अनुसार इससे राशन वितरण प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ेगी और मापतौल या अन्य गड़बड़ियों की संभावना काफी हद तक खत्म हो जाएगी। साथ ही राशन दुकानों से चावल बेचने जैसी शिकायतों में भी कमी आने की उम्मीद है।

24 घंटे मिलेगा राशन

ग्रेन एटीएम लगने के बाद लोगों को राशन लेने के लिए किसी निश्चित समय का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। वे 24 घंटे में किसी भी समय मशीन से राशन ले सकेंगे। इससे उन लोगों को विशेष सुविधा मिलेगी जो काम के कारण दिन में राशन नहीं ले पाते हैं।

अन्य राज्यों में सफल प्रयोग

खाद्य विभाग के मुताबिक इस तरह की ग्रेन एटीएम मशीनें बिहार, ओडिशा, हरियाणा और राजस्थान के कई शहरों में पहले से लगाई जा चुकी हैं। वहां इस प्रयोग के सफल रहने के बाद ही इसे छत्तीसगढ़ में लागू करने की तैयारी की गई है।

अधिकारियों का कहना है कि पायलट प्रोजेक्ट की सफलता के बाद भविष्य में इस तरह की मशीनें शहर के अन्य वार्डों में भी लगाई जा सकती हैं, जिससे लोगों को राशन प्राप्त करने में और अधिक सुविधा मिलेगी।