रायगढ़ जिले से बडी खबर…45 छात्रों से भरी बस पहाड़ी के पास पलटी, 2 स्टूडेंट की मौत

महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले से बड़े सड़क हादसे की खबर है। 48 छात्रों को लेकर जा रही एक बस रविवार को पलट गई। इस हादसे में 2 स्टूडेंट्स की मौत हो गई और कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायल छात्रों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना खोपोली थाना क्षेत्र में हुई।

ऐसा मालूम होता है कि ब्रेक फेल होने के कारण बस चालक का वाहन से नियंत्रण खो गया। एक अधिकारी ने बताया कि घटना लोनावाला हिल स्टेशन से लगभग 14 किलोमीटर दूर पुराने मुंबई-पुणे राजमार्ग पर रात करीब 8 बजे ‘मैजिक प्वाइंट’ पहाड़ी के निकट हुई। उन्होंने बताया कि निजी बस में उपनगर चेंबूर की कोचिंग के 48 छात्र सवार थे। उन्होंने कहा कि वे सभी 10वीं कक्षा के छात्र हैं।

ब्रेक फेल होने के चलते हादसे की आशंका
अधिकारी ने बताया, ‘छात्र जब लोनावाला (पुणे जिले में स्थित) में पिकनिक मनाकर लौट रहे थे तभी बस के चालक ने ब्रेक फेल होने के कारण खोपोली के पास घाट (पहाड़ी सड़क) इलाके में वाहन पर अपना नियंत्रण खो दिया। दुर्घटना में सभी छात्र और चालक घायल हो गए। उन्हें लोनावाला और खोपोली के अस्पतालों में ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल 17 और 16 साल के 2 छात्रों को मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों की पहचान चेंबूर कैंप निवासी हितिका खन्ना और उपनगरीय घाटकोपर के असलफा गांव निवासी राज राजेश म्हात्रे (16) के रूप में हुई है।