मणिपुर हिंसा के बीच ही भीड़ ने भाजपा के एक विधायक पर हमला बोल दिया है। यहां भाजपा विधायक वुंगजागिन वाल्टे पर गुरुवार के दिन इम्फाल में भीड़ ने हमला कर दिया। भीड़ ने यह हमला तब किया जब वह मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह से मुलाकात करके राज्य सचिवालय लौट रहे थे। फिरजावल जिले के थानलॉन से तीन बार के विधायक वाल्टे उस वक्त इंफाल में अपने सरकारी आवास जा रहे थे। इसी दौरान भीड़ ने उनपर हमला किया। भीड़ ने इस दौरान विधायक के ड्राइवर पर हमला बोल दिया। इस दौरान विधायक का पीएसओ वहां से बच निकलने में सफल रहा। बता दें कि विधायक की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं विधायक का इलाज इंफाल रिम्स में चल रहा है।
आखिर क्या है हिंसा की वजह-
पूर्वोत्तर भारत के राज्य मणिपुर में भड़की हिंसा के कारण 9 हजार से अधिक लोगों के इम्फाल विस्थापित किया जा चुका है। ऐसे में हिंसा पर काबू पाने के लिए भारी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। इस बीच सरकार ने आदिवासियों और बहुसंख्यक मेइती समुदाय के बीच भड़के हिंसा के बीच उपद्रवियों को देखते ही गोली मारने का आदेश जारी कर दिया है। वहीं सेना और असम राइफल्स के 55 कॉलम को वहां तैनात किया गया है। मणिपुर के हालात पर फिलहाल काबू पाया गया है लेकिन इंटरनेट की सुविधा बंद है।
