जमीन घोटाला में आईएएस अधिकारी गिरफ्तार ….

दिल्ली 05 मई 2023 : झारखंड में एक आईएएस अधिकारी को गिरफ्तार किया गया है। वर्तमान में समाज कल्याण विभाग के मौजूदा सचिव आईएएस छवि रंजन को ईडी ने गिरफ्तार किया है। जमीन घोटाला केस में यह कार्रवाई की गई है।

आईएएस छवि रंजन गुरुवार को दूसरी बार ईडी कार्यालय पूछताछ के लिए पहुंचे थे। लंबी पूछताछ के बाद देर रात उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। 13 अप्रैल को ईडी ने छवि रंजन के भी रांची और जमशेदपुर स्थित आवास पर छापेमारी की थी।

24 अप्रैल को ईडी ने सातों आरोपियों को छवि रंजन के सामने बिठाकर पूछताछ की थी। तब उन लोगों ने कहा था कि उन्होंने जो किया वह साहेब (छवि रंजन) के कहने पर किया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ईडी ने पहले छवि रंजन को 1 मई को जमीन से जुड़ी जानकारी, कई दस्तावेजों, उनकी और उनके आश्रितों की संपत्ति का ब्योरा औऱ बैंक खातों के विवरण के साथ तलब किया था। हालांकि, बाद में ईडी ने दूसरा समन भेजकर उन्हें 4 मई को हाजिर होने के लिए कहा था।