भारतीय क्रिकेट टीम की टी20 विश्व कप जीत की खुमारी उतरने का नाम ही नहीं ले रही है। क्या आम क्या खास हर किसी के सिर पर विश्व चैंपियन बनने का जादू सिर चढ़कर बोल रहा है। इसकी मिसाल अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की संगीत सेरेमनी के दौरान देखने की मिली। जियो कन्वेंशन सेंटर में आयोजित संगीत सेरेमनी के दौरान विश्व चैंपियन बनने वाली टीम में शामिल रहे मुंबई इंडियन्स टीम के खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
रिलांयस ग्रुप की मालकिन नीता अंबानी ने संगीत समारोह के दौरान रोहित शर्मा को स्टेज पर बुलाया और गले लगा लिया। नीता अंबानी इस दौरान भावुक हो गईं और उनकी आंखों में आंसू आ गए। रोहित के बाद सूर्यकुमार यादव स्टेज पर आए। अंत में मुंबई इंडियन्स के कप्तान हार्दिक पांड्या को मंच पर बुलाया गया। इन सभी को मंच पर लेने आकाश अंबानी गए।
