राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के बौंली में भाजपा मडंल अध्यक्ष और कांग्रेस विधायक के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। पूरा विवाद डॉ. बीआर आंबेडकर की प्रतिमा के पास पट्टिका लगाने पर शुरू हुआ। आरोप है कि कांग्रेस विधायक ने भाजपा नेता हनुमान दीक्षित के साथ कथित तौर पर मारपीट की। उनका कॉलर खींचा और शर्ट फाड़ दी। हाथापाई के दौरान कांग्रेस विधायक यह कहती हैं कि क्या भाजपा से होने का मतलब यह है कि आप गुंडागर्दी का सहारा लेंगे?” जानकारी के मुताबिक रविवार रात को यह पट्टिका हटा दी गई। इसकी जगह इंदिरा मीना और नगर पालिका अध्यक्ष कमलेश देवी जोशी के नाम की दूसरी पट्टिका लगाई जानी थी। इस पर भाजपा के बौंली के मंडल अध्यक्ष हनुमान दीक्षित और स्थानीय प्रधान कृष्ण पोसवाल ने आपत्ति जताई और इसे हटवा दिया।
पट्टिका हटाने की सूचना मिलते ही विधायक इंदिरा मीना आधी रात को वहां पहुंचीं। नई पट्टिका को हटाते देख मीना की हनुमान दीक्षित से बहस हो गई। धीरे-धीरे बहस काफी बढ़ गई। इसके बाद हनुमान दीक्षित अपनी गाड़ी में बैठकर जाने लगे तो मीना उनकी गाड़ी के फुटरेस्ट पर चढ़ गईं और बहस शुरू कर दी। इसके बाद हाथापाई भी हुई।