मुंबई,- श्रीलंका के प्रमुख औद्योगिक समूह ललन ग्रुप ने छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावना को लेकर गंभीर रुचि दिखाई है। मुंबई में आज ललन ग्रुप के प्रतिनिधि श्री दिलीप पारिक ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाक़ात की। इस दौरान उन्होंने राज्य में धागा और कपड़ा निर्माण इकाई स्थापित करने की इच्छा जताई।
ललन ग्रुप श्रीलंका के सबसे बड़े और विविध क्षेत्रों में कार्यरत औद्योगिक समूहों में से एक है। यह समूह बागान, रबर उत्पाद, निर्माण, लॉजिस्टिक्स, पैकेजिंग इंजीनियरिंग और आतिथ्य सेवाओं के क्षेत्र में सक्रिय है। श्री पारिक ने बताया कि छत्तीसगढ़ की संसाधन-समृद्ध धरती और उद्योग-अनुकूल नीतियाँ उनके समूह की बहु-क्षेत्रीय विशेषज्ञता के अनुकूल हैं।
मुलाक़ात के दौरान श्री पारिक ने राज्य की नई औद्योगिक नीति की प्रशंसा करते हुए कहा कि 24 घंटे की पाली व्यवस्था, ऑनलाइन क्लियरेंस प्रणाली और समयबद्ध सेवाएं निवेशकों को आकर्षित कर रही हैं। उन्होंने बताया कि इन सुविधाओं ने ललन ग्रुप को छत्तीसगढ़ में निवेश की ओर प्रेरित किया है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने समूह की इस पहल का स्वागत करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है और ललन ग्रुप का आगमन छत्तीसगढ़ के टेक्सटाइल सेक्टर को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सहायक होगा।