सुशासन तिहार का तीसरा चरण शुरू, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज से आकस्मिक दौरे पर, किसी भी जिले में उतर सकता है CM का हेलीकॉप्टर….

रायपुर, : छत्तीसगढ़ में सुशासन तिहार का तीसरा चरण आज से शुरू हो गया है। इस चरण में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय खुद आकस्मिक रूप से जिलों और गांवों का दौरा करेंगे। इस दौरान वे आमजन से सीधे मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनेंगे और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत का फीडबैक लेंगे।

गोपनीय रहेगा मुख्यमंत्री का दौरा
मुख्यमंत्री का यह भ्रमण पूरी तरह गोपनीय रखा गया है। केवल शीर्ष प्रशासनिक अधिकारियों को इसकी जानकारी होगी कि मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर किस गांव में उतरेगा। इसका उद्देश्य जमीनी हालात की वास्तविक जांच करना और योजनाओं का सीधा मूल्यांकन करना है।

ग्रामीणों से सीधी बातचीत
मुख्यमंत्री गांवों में पहुंचकर वहां के लोगों से सीधा संवाद करेंगे। वे यह जानने का प्रयास करेंगे कि शासन की योजनाएं आमजन तक कितनी प्रभावी ढंग से पहुंच रही हैं और उनमें क्या सुधार की आवश्यकता है।

31 मई तक चलेंगे समाधान शिविर
सुशासन तिहार के तहत 31 मई तक राज्यभर में समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जहां विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाएगा। इन शिविरों में मुख्यमंत्री स्वयं भी मौजूद रह सकते हैं।

जनता से जुड़ने की पहल
सरकार का उद्देश्य इस अभियान के जरिए जनता से सीधे जुड़ना और उनकी समस्याओं को प्राथमिकता पर हल करना है। मुख्यमंत्री साय ने पहले ही साफ कर दिया है कि सुशासन केवल नीतियों में नहीं, क्रियान्वयन में भी दिखना चाहिए।