मुआवजे का ऐलान… खरोरा सड़क हादसे पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताया शोक, मृतकों के परिजनों को 5 लाख और घायलों को 50 हजार की सहायता की घोषणा

रायपुर: खरोरा क्षेत्र में हुई भीषण सड़क दुर्घटना में 13 लोगों की दर्दनाक मृत्यु तथा 14 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हृदयविदारक घटना पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा, “खरोरा में हुए भीषण सड़क हादसे की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। मैं दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ।” उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है।

मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में घायल लोगों के समुचित उपचार के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने घोषणा की है कि राज्य सरकार मृतकों के परिजनों को पाँच-पाँच लाख रुपए तथा घायलों को पचास-पचास हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करेगी।

मुख्यमंत्री साय ने जिला प्रशासन को निर्देशित किया है कि राहत एवं बचाव कार्यों में कोई कमी न आए और पीड़ितों को हर संभव सहायता तुरंत उपलब्ध कराई जाए। प्रशासन को घटना की सतत निगरानी करने और जरूरतमंदों तक मदद पहुँचाने को कहा गया है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *