राहुल गांधी का समर्थन मिलने के बाद दीपक बैज की नेतृत्व स्थिति हुई मजबूत, अटकलों पर लगा विराम

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज को लेकर चल रही नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों पर अब विराम लगता नजर आ रहा है। पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा दीपक बैज को भेजा गया पत्र सियासी हलकों में खासा चर्चा का विषय बन गया है। इस पत्र में राहुल गांधी ने राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराधों और बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस द्वारा चल रही पदयात्रा की सराहना की है, जिसे दीपक बैज नेतृत्व दे रहे हैं।

राहुल गांधी ने पत्र में लिखा, “मैं छत्तीसगढ़ कांग्रेस द्वारा महिलाओं के खिलाफ जघन्य अपराधों और राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ की जा रही पदयात्रा की सराहना करता हूं। हमें न्याय के लिए लड़ते रहना चाहिए और लोगों तक उम्मीद का संदेश पहुंचाना चाहिए।”

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह पत्र न सिर्फ दीपक बैज के नेतृत्व को कांग्रेस हाईकमान की मंजूरी का संकेत देता है, बल्कि नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चल रही अटकलों पर भी स्पष्ट विराम लगाता है।

कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत पकड़

दीपक बैज ने संगठन में अपनी सक्रियता से प्रदेशभर में एक सशक्त नेता के रूप में पहचान बनाई है। बलौदाबाजार हिंसा, इंद्रावती नदी संरक्षण, बढ़ते अपराध और जवानों की हौसला अफ़ज़ाई जैसे संवेदनशील मुद्दों पर उन्होंने लगातार यात्राएं कर जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत संपर्क स्थापित किया।

जब कई वरिष्ठ नेता, जैसे कि पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और अन्य आदिवासी नेता प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी कर रहे थे, तब भी दीपक बैज ने संघठनात्मक जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा से किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *