बिलासपुर से एक बड़ी राजनीतिक हलचल की खबर सामने आई है। कांग्रेस के पूर्व विधायक अरुण तिवारी के खिलाफ सिविल लाइन थाना पुलिस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत के ऑपरेशन सिन्दूर को लेकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। यह मामला अब राजनीतिक और कानूनी दोनों ही मोर्चों पर सुर्खियों में है।
जानकारी के मुताबिक, अरुण तिवारी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की थी, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हाल ही में पाकिस्तान के खिलाफ चलाए गए ऑपरेशन सिन्दूर को लेकर विवादित और आपत्तिजनक बातें लिखीं। उनकी इस पोस्ट से आहत होकर पन्ना नगर निवासी रंजीत यादव ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने अरुण तिवारी के खिलाफ आईटी एक्ट और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस मामले में जल्द ही पूर्व विधायक से पूछताछ की जा सकती है।