रायपुर, 19 जून 2025। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 22 जून को छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगे। वे उसी दिन शाम रायपुर पहुंचेंगे और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में रात्रि विश्राम करेंगे। इस अहम दौरे में सुरक्षा और राजनीतिक दोनों ही मोर्चों पर अहम बैठकों का कार्यक्रम संभावित है।
सूत्रों के मुताबिक, अमित शाह छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाकों की स्थिति को लेकर एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे। इस बैठक में सीआरपीएफ, बीएसएफ और आईटीबीपी जैसे केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। बैठक में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों की समीक्षा के साथ आगामी रणनीति को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है।
इसके अलावा, केंद्रीय गृह मंत्री हाल ही में सुकमा में नक्सली मुठभेड़ में शहीद हुए एडिशनल एसपी आकाश राव गिरीपुंजे को श्रद्धांजलि देने उनके रायपुर स्थित आवास पर भी जा सकते हैं। हालांकि, अभी तक उनके दौरे का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है।
राजनीतिक स्तर पर भी अमित शाह की यह यात्रा अहम मानी जा रही है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, वे भाजपा के संगठनात्मक ढांचे की समीक्षा कर सकते हैं और प्रदेश के विधायकों व प्रमुख नेताओं के साथ बैठक कर आगामी रणनीति पर चर्चा करेंगे। विधानसभा चुनावों के बाद बदले राजनीतिक परिदृश्य में भाजपा के अगले कदम को लेकर भी इस दौरे में दिशा तय होने की संभावना जताई जा रही है।
