तेंदुलकर-एंडरसन ट्रॉफी के पहले टेस्ट में भारत की शानदार शुरुआत, गिल और जायसवाल ने जमाया शतक

भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ तेंदुलकर-एंडरसन ट्रॉफी के पहले टेस्ट में दमदार शुरुआत करते हुए पहले दिन का खेल अपने नाम कर लिया। हेडिंग्ले, लीड्स में खेले जा रहे इस मुकाबले में भारत ने पहले दिन 3 विकेट पर 351 रन बनाए। कप्तान शुभमन गिल (127*) और विकेटकीपर ऋषभ पंत (65*) नाबाद लौटे। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 138 रन की नाबाद साझेदारी हो चुकी है।

टॉस इंग्लैंड का, लेकिन कमान भारत के हाथ

इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, लेकिन भारतीय सलामी जोड़ी ने मेजबानों की रणनीति को शुरुआत में ही झटका दे दिया। यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने पहले विकेट के लिए 91 रन की अहम साझेदारी की। राहुल ने 42 रन बनाए, जबकि जायसवाल ने इंग्लैंड में अपने पहले टेस्ट में 101 रन की शानदार शतकीय पारी खेली।

डेब्यू में सुदर्शन फ्लॉप, लेकिन गिल चमके

टीम इंडिया के लिए डेब्यू कर रहे साई सुदर्शन खाता भी नहीं खोल सके और शून्य पर आउट हुए। इसके बाद कप्तान शुभमन गिल ने मोर्चा संभालते हुए एक ओर से रन बनाना जारी रखा। उन्होंने जायसवाल के साथ 129 रन, और पंत के साथ 138 रन की साझेदारी की।

गिल ने कप्तान के रूप में अपने पहले टेस्ट में ही शानदार 127 रनों की नाबाद पारी खेली और एक खास क्लब में शामिल हो गए। वे पहले टेस्ट में कप्तान के तौर पर शतक लगाने वाले भारत के पांचवें बल्लेबाज बन गए हैं।

शतकवीरों के नाम दो ऐतिहासिक रिकॉर्ड

1. यशस्वी जायसवाल इंग्लैंड में अपना पहला टेस्ट खेलते हुए शतक जड़ने वाले पांचवें भारतीय बल्लेबाज बने हैं।

2. शुभमन गिल बतौर कप्तान अपने पहले टेस्ट में शतक लगाने वाले पांचवें भारतीय बने। इससे पहले सुनिल गावस्कर, मोहम्मद अजहरुद्दीन, सौरव गांगुली और विराट कोहली यह कारनामा कर चुके हैं।