लक्सर (उत्तराखंड), 26 जून 2025: हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र के रामपुर रायघटी गांव में प्रेमिका से मिलने आए एक युवक को ग्रामीणों ने खंभे से बांधकर जमकर पीटा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है और कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद स्थित सोतीपुर गांव निवासी युवक का लक्सर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर रायघटी गांव में अपने रिश्तेदारों के घर आना-जाना था। इसी दौरान उसकी गांव की एक युवती से नजदीकियां बढ़ीं और दोनों ने परिजनों को बिना बताए कोर्ट मैरिज कर ली थी।
बताया जा रहा है कि युवक अक्सर रात में युवती से मिलने गांव आता था। 16 जून की रात भी वह युवती से मिलने आया था, लेकिन उससे पहले ही ग्रामीणों को शक हो गया और उन्होंने युवक को पकड़ लिया। फिर उसे बिजली के खंभे से बांधकर मारपीट की गई।
घटना के दौरान किसी ने इस पूरी घटना का मोबाइल वीडियो बना लिया, जो कुछ दिन बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो के वायरल होते ही युवक के परिजन भी सकते में आ गए। उन्होंने लक्सर आकर पुलिस को इस मामले में दो नामजद और पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी।
एसएसआई मनोज गैरोला ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी
