रायपुर, 27 जून 2025: छत्तीसगढ़ में नगरीय निकायों के कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। नवनियुक्त अधिकारी-कर्मचारी कल्याण संघ छत्तीसगढ़ (नगरीय निकाय) के बैनर तले प्रदेशभर के कर्मचारी आगामी 5 जुलाई को रायपुर में सीएम हाउस का घेराव करेंगे।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि कर्मचारियों की तीन प्रमुख मांगों को लेकर लंबे समय से सरकार को ज्ञापन दिए जा रहे हैं, लेकिन समाधान नहीं होने के कारण अब आंदोलन की राह अपनाई गई है। उन्होंने कहा कि लगभग 10 हजार कर्मचारी इस प्रदर्शन में शामिल होंगे। रायपुर के घड़ी चौक से पैदल मार्च करते हुए मुख्यमंत्री निवास की ओर कूच किया जाएगा।
ये हैं कर्मचारियों की तीन प्रमुख मांगें:
1. समय पर वेतन भुगतान:
हर महीने की 1 तारीख को वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए, जिससे कर्मचारी समय पर अपनी पारिवारिक और सामाजिक जिम्मेदारियों को निभा सकें।
2. ओल्ड पेंशन स्कीम लागू हो:
नगरीय निकाय कर्मचारियों को भी पुरानी पेंशन योजना (OPS) का लाभ दिया जाए, जैसा कि राज्य के अन्य विभागों के कर्मचारियों को दिया जा रहा है।
3. पदोन्नति के लिए स्वीकृति:
कर्मचारियों की जल्द पदोन्नति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक पदों की स्वीकृति प्रदान की जाए, जिससे उन्हें उनके कार्य के अनुसार प्रोत्साहन और सम्मान मिल सके।
कर्मचारियों में नाराजगी, सरकार से सकारात्मक पहल की उम्मीद
संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि कई बार आश्वासन के बावजूद सरकार ने ठोस निर्णय नहीं लिया, जिससे कर्मचारियों में गहरी नाराजगी है। अब धरना-प्रदर्शन के माध्यम से सरकार का ध्यान आकर्षित किया जाएगा।
