रायपुर, 30 जून 2025
छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव अमिताभ जैन अब अपने पद पर बने रहेंगे। सोमवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में उन्हें सेवा विस्तार देने का निर्णय लिया गया। इससे पहले केंद्र सरकार ने राज्य सरकार के इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी थी।
दिलचस्प बात यह रही कि सोमवार को ही अमिताभ जैन की सेवानिवृत्ति तय मानी जा रही थी और उनके सम्मान में विदाई की तैयारियां भी की जा चुकी थीं। लेकिन अंतिम समय में आए फैसले ने अटकलों पर विराम लगा दिया और जैन को सेवा विस्तार मिल गया। अब वे आगामी आदेश तक मुख्य सचिव पद पर बने रहेंगे।
सूत्रों के मुताबिक, अगर अमिताभ जैन को विस्तार नहीं मिलता, तो छत्तीसगढ़ को नया मुख्य सचिव मिल सकता था। इस रेस में वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सुब्रत साहू सबसे आगे माने जा रहे थे, जबकि मनोज पिंगुआ के नाम की भी चर्चा जोरों पर थी।
अमिताभ जैन 1989 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी हैं। उनकी गिनती राज्य के अनुभवी और प्रशासनिक दृष्टि से मजबूत अफसरों में होती है। उनके कार्यकाल में कई अहम नीतिगत फैसले लिए गए, जिनमें प्रशासनिक सुधार, वित्तीय अनुशासन और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन शामिल हैं।
कैबिनेट के इस निर्णय को राजनीतिक और प्रशासनिक स्थिरता के दृष्टिकोण से अहम माना जा रहा है। फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें कितने समय का विस्तार मिला है, लेकिन संकेत हैं कि वे आगामी आदेश तक पद पर बने रहेंगे।
