विनोद केसरवानी की रिपोर्ट/ गिधौरी/शिवरीनारायण, बलौदाबाजार।
गिधौरी-शिवरीनारायण मार्ग क बदहाली ने एक बार फिर जिम्मेदारों की लापरवाही को उजागर कर दिया है। बलौदाबाजार कलेक्टर दीपक सोनी द्वारा डब्ल्यूएमएम (WMM) कार्य आरंभ करने के निर्देश दिए जाने के दो दिन बाद भी इस सड़क पर मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ है। नतीजा यह है कि मंगलवार को इस दलदली सड़क पर एक ट्रैक्टर पलट गया, वहीं कैप्सूल ट्रक का पट्टा टूट जाने से आवागमन बाधित रहा। कीचड़ से भरी सड़क में कई वाहन फंस गए और घंटों तक लंबा जाम लगा रहा।
जानलेवा गड्ढों में फंसते वाहन, जिम्मेदार मौन
बारिश के बाद गिधौरी-शिवरीनारायण मार्ग पर कीचड़ और गड्ढों का ऐसा आलम है कि हर दिन राहगीर और वाहन चालक हादसों के शिकार हो रहे हैं। मंगलवार को शिवरीनारायण गार्डन के पास सड़क के गहरे गड्ढे में फंसे ट्रक से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। इसके साथ ही दोपहर में कई अन्य वाहन दलदल में फंस गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थिति पिछले कई महीनों से बनी हुई है, लेकिन विभाग और ठेकेदार द्वारा लगातार अनदेखी की जा रही है।
कलेक्टर के निर्देश हवा में, पीडब्ल्यूडी और ठेकेदार बेपरवाह
गौरतलब है कि बलौदाबाजार कलेक्टर दीपक सोनी ने पिछले दिनों लगातार अखबारों में प्रकाशित खबरों को गंभीरता से लेते हुए गिधौरी-शिवरीनारायण मार्ग की मरम्मत के लिए WMM कार्य शुरू करने के निर्देश दिए थे, लेकिन जमीनी स्तर पर अब तक कोई काम शुरू नहीं हुआ है। क्षेत्र में चर्चा है कि ठेकेदार और लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) जानबूझकर निर्देशों की अवहेलना कर रहे हैं।
गर्मी में भी दिखी थी खराब हालत, फिर भी नहीं चेते जिम्मेदार
स्थानीय लोगों और सूत्रों के अनुसार, गर्मी के मौसम से ही इस सड़क की स्थिति खराब होने लगी थी। छोटे-छोटे गड्ढे अब जानलेवा बन चुके हैं। बार-बार मरहमपट्टी कर खानापूर्ति की गई, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। आज सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि बरसात में गड्ढों में घुटनों तक पानी भर जाता है, जिससे गुजरना जोखिमभरा हो गया है।
धार्मिक मार्ग पर दुर्घटनाओं का खतरा, चौबीसों घंटे बना रहता है खतरा
यह मार्ग शिवरीनारायण जैसे धार्मिक स्थल को जोड़ता है, जहां चौबीसों घंटे वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। इसके बावजूद पीडब्ल्यूडी और प्रशासन ने आंख मूंद रखी है। आए दिन छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार शायद किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं।
जिम्मेदार क्या बोले?
इस मुद्दे पर बलौदाबाजार कलेक्टर दीपक सोनी से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने बताया कि वे फिलहाल जरूरी बैठक में व्यस्त हैं, इसलिए विस्तार से बातचीत नहीं हो पाई।
वहीं, पीडब्ल्यूडी एसडीओ पामगढ़ (जांजगीर-चांपा जिला) से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि,
> “दो-तीन दिनों में गिट्टी डालकर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया जाएगा।”
