सुकमा IED ब्लास्ट में शामिल नक्सली गिरफ्तार, बीजापुर में दो CRPF जवान घायल

रायपुर– छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। स्पेशल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (SIA) ने सुकमा में एएसपी आकाश राव गिरपुंजे को IED ब्लास्ट में उड़ाने की साजिश में शामिल एक वांछित नक्सली सोढ़ी गंगा को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने ब्लास्ट में शामिल अन्य नक्सलियों की पहचान भी उजागर की है, जिससे आगे की जांच में मदद मिल रही है।

गिरफ्तारी के बाद सोढ़ी गंगा को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
यह ब्लास्ट उस समय हुआ था जब 10 जून को भारत बंद के ऐलान से पहले नक्सलियों ने सुकमा की एक खदान में JCB मशीन में आग लगा दी थी। सूचना मिलने पर ASP आकाश राव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जैसे ही अधिकारी मौके पर जली हुई JCB का निरीक्षण कर रहे थे, वहां पूर्व-स्थापित IED विस्फोट कर दिया गया, जिसमें ASP के साथ दो अन्य पुलिस अधिकारी भी घायल हो गए थे।

घायल TI सोनल ग्वाला बिलासपुर के निवासी हैं। उनके परिवार में पत्नी और दो जुड़वां बेटियां हैं।

बीजापुर में IED ब्लास्ट, CRPF के दो जवान घायल

दूसरी ओर, बीजापुर जिले के आवापल्ली थाना क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा लगाए गए IED विस्फोटक की चपेट में आकर CRPF के दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। जवानों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्हें पैरों और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

इस घटना के पीछे भी भारत बंद से पहले नक्सलियों द्वारा दहशत फैलाने की रणनीति मानी जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।