रायपुर, 9 जुलाई 2025 — राजधानी रायपुर के तेलीबांधा इलाके में स्थित वाटर फ्रंट कॉम्प्लेक्स में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब टॉप फ्लोर पर स्थित गोल्ड जिम में बुधवार सुबह भीषण आग लग गई। जिम से उठता हुआ काला धुआं देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी।
दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। सौभाग्य से इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन जिम के भीतर रखा लाखों रुपये का महंगा फिटनेस उपकरण जलकर खाक हो गया।
आग इतनी तेज़ थी कि लोगों में मच गया हड़कंप
चश्मदीदों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि आस-पास के दुकानदार और परिसर में मौजूद लोग दहशत में आ गए। वाटर फ्रंट कॉम्प्लेक्स शहर के प्रमुख और व्यस्ततम कमर्शियल स्पॉट्स में से एक है, जहां जिम के अलावा कई और दुकानें, ऑफिस और रेस्टोरेंट भी हैं।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी
तेलीबांधा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल को सील कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि फायर डिपार्टमेंट और इलेक्ट्रिकल सेफ्टी विभाग की रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
फायर सेफ्टी पर उठे सवाल
यह घटना एक बार फिर शहर में मौजूद फिटनेस सेंटरों और कमर्शियल इमारतों की फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। शहर में कई ऐसे प्रतिष्ठान हैं जो ऊपरी मंजिलों पर संचालित हो रहे हैं, लेकिन क्या वे फायर NOC और सुरक्षा मानकों का पालन कर रहे हैं, यह अब जांच का विषय बन गया है।
