छत्तीसगढ़ में ईडी की बड़ी कार्रवाई – रेलवे ठेकेदार और होटल कारोबारी के ठिकानों पर छापेमारी

छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की एक और बड़ी कार्रवाई सामने आई है। आज सुबह से दुर्ग और रायपुर में एक बड़े कारोबारी परिवार के ठिकानों पर ईडी की छापेमारी जारी है। यह परिवार रेलवे का बड़ा ठेकेदार होने के साथ-साथ होटल कारोबार से भी जुड़ा हुआ है।

सुबह 6 बजे की कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार, दुर्ग के दीपक नगर स्थित होटल सागर इंटरनेशनल के मालिक के घर पर सुबह 6 बजे ईडी की टीम पहुंची। टीम के साथ सशस्त्र सीआरपीएफ के जवान भी मौजूद रहे। ईडी की टीम तीन इनोवा गाड़ियों में सवार होकर कारोबारी के आवास पर पहुंची और तलाशी की कार्रवाई शुरू की।

कई फर्मों के संचालन की जानकारी
बताया जा रहा है कि कारोबारी समूह की कई फर्में अलग-अलग नामों से संचालित हो रही हैं। पूर्ववर्ती सरकार के दौरान इन्हें मिड डे मील योजना का बड़ा ठेका भी मिला था। इसके अलावा रेल नीर घोटाले में भी इस परिवार के कुछ सदस्यों के नाम सामने आ चुके हैं।

परिवार के तीनों भाई जांच के दायरे में?
सूत्रों की मानें तो यह कारोबारी परिवार तीन भाइयों में बंटा हुआ है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ईडी की रेड केवल एक भाई के ठिकानों पर हुई है या तीनों को जांच के दायरे में लिया गया है।

रायपुर में कोर्टयार्ड मैरियट से भी जुड़ा है परिवार
इस परिवार का रायपुर में प्रतिष्ठित होटल कोर्टयार्ड मैरियट भी है। इससे इनके व्यवसायिक प्रभाव और संपत्ति के विस्तार का अनुमान लगाया जा सकता है।

अन्य आर्थिक अनियमितताओं की भी जांच की तैयारी
ईडी की शुरुआती जांच के बाद यह संभावना जताई जा रही है कि टीम कई अन्य आर्थिक अनियमितताओं की भी पड़ताल कर सकती है।

अभी भी जारी है कार्रवाई
ईडी की कार्रवाई फिलहाल जारी है। पूरे मामले में प्रवर्तन निदेशालय की ओर से जल्द ही औपचारिक बयान जारी होने की संभावना है।