व्यापम परीक्षा के लिए नए सख्त नियम लागू, अभ्यर्थियों को पहनना होगा हल्के रंग के कपड़े, चप्पल और बिना आभूषण के देना होगा एग्जाम

परीक्षा के 15 मिनट पहले बंद होगा मुख्य गेट, दो घंटे पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना जरूरी, नियमों का उल्लंघन करने पर परीक्षा से वंचित करने की चेतावनी

योगेश यादव/ रायपुर। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) ने आगामी परीक्षाओं के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। परीक्षा में पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखने के लिए अभ्यर्थियों को ड्रेस कोड और परीक्षा केंद्र में प्रवेश की प्रक्रिया का सख्ती से पालन करना होगा।

यह होंगे मुख्य नियम:

हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनना अनिवार्य

पैरों में केवल चप्पल पहनकर आना होगा, जूते-मोजे प्रतिबंधित

महिला अभ्यर्थी कान में किसी भी प्रकार के आभूषण नहीं पहन सकेंगी

धार्मिक या सांस्कृतिक पोशाक वालों को समय से पहले पहुंचकर अतिरिक्त जांच करानी होगी

प्रवेश पत्र और पहचान पत्र अनिवार्य
व्यापम ने कहा है कि जिन अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र पर फोटो नहीं है, वे दो पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो साथ लाएं। प्रवेश पत्र के सभी पेज का प्रिंटआउट लेकर आएं। पेज के केवल एक ओर ही प्रिंट करना है।

पहचान के लिए अभ्यर्थियों को निम्न में से कोई एक मूल फोटोयुक्त पहचान पत्र साथ लाना होगा:

आधार कार्ड

मतदाता परिचय पत्र

ड्राइविंग लाइसेंस

पैन कार्ड

परीक्षा केंद्र में कब पहुंचें?

परीक्षा प्रारंभ होने से 2 घंटे पहले केंद्र में पहुंचना जरूरी

15 मिनट पहले बंद हो जाएगा मुख्य गेट, देर से आने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं मिलेगा

परीक्षा के पहले और आखिरी आधे घंटे में परीक्षा कक्ष से बाहर जाना प्रतिबंधित रहेगा

क्या-क्या नहीं ले जा सकते?

मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट

पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी

इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, ब्लूटूथ डिवाइस आदि

उत्तर लेखन के लिए केवल काले या नीले बॉल पेन का उपयोग अनिवार्य

व्यापम की सख्त चेतावनी
परीक्षा में अनुचित साधनों के प्रयोग पर कठोर कार्रवाई होगी और अभ्यर्थिता रद्द की जाएगी। व्यापम ने साफ किया है कि प्रवेश पत्र की कॉपी सुरक्षित रखें क्योंकि चयन के समय भी इसकी जरूरत होगी।