चिंतामण गणेश मंदिर में हथियार लेकर घुसा युवक, पुजारी के बेटे को दी जान से मारने की धमकी, आरोपी गिरफ्तार

सीहोर जिले के प्रसिद्ध चिंतामण गणेश मंदिर में शनिवार को सनसनीखेज घटना हुई, जब एक युवक धारदार हथियार लेकर मंदिर परिसर में घुस आया और वहां मौजूद पुजारी के बेटे और एक सेवक को जान से मारने की धमकी दी। आरोपी की पहचान महेश यादव के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

मंदिर में घुसकर की मारपीट और धमकी

घटना शनिवार दोपहर की है, जब महेश यादव नामक युवक बका (धारदार हथियार) लेकर मंदिर में दाखिल हुआ। उसने पुजारी जय दुबे के बेटे और मंदिर सेवक लोकेश सोनी से बदसलूकी की और हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।

इस पूरी घटना का वीडियो मंदिर के पुजारी ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जिसमें आरोपी मंदिर में घुसते और धमकी देते साफ नजर आ रहा है। वीडियो में वह यह कहते हुए सुना जा सकता है कि, “24 घंटे में पैसे नहीं मिले तो बड़ा हमला करूंगा।”

पैसों की लेन-देन को लेकर था विवाद

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, आरोपी महेश यादव ने किसी पुराने केस में मंदिर पुजारी के लिए आर्थिक मदद की थी। पुजारी द्वारा पैसे वापस नहीं किए जाने पर उसने यह कदम उठाया। आरोपी मंदिर में जबरदस्ती घुसकर उग्र रूप दिखाने लगा और जानलेवा हमला करने की कोशिश की।

पुलिस ने की सख्त कार्रवाई

घटना के बाद पुजारी जय दुबे ने मंडी थाना में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। सीएसपी अभिनंदना शर्मा ने बताया कि लिखित शिकायत के आधार पर महेश यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 (धार्मिक उपासना में विघ्न), 351(2) (आक्रामक धमकी) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।