देहरादून/रुद्रप्रयाग, 31 जुलाई 2025:
उत्तराखंड में हो रही लगातार भारी बारिश ने चारधाम यात्रा को एक बार फिर प्रभावित कर दिया है। भूस्खलन और सड़कों के बहने की घटनाओं ने श्रद्धालुओं की राहें मुश्किल कर दी हैं।
रुद्रप्रयाग जिले में सोनप्रयाग से आगे गौरीकुंड हाईवे का लगभग 70 मीटर हिस्सा तेज बहाव में बह गया है, जिससे केदारनाथ यात्रा को पूरे दिन के लिए स्थगित करना पड़ा। प्रशासन ने सतर्कता बरतते हुए करीब 3,000 यात्रियों को सोनप्रयाग में रोक दिया है, जबकि गौरीकुंड में फंसे 350 से अधिक यात्रियों को पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों ने सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
जिला प्रशासन ने जानकारी दी है कि हाईवे की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर जारी है, लेकिन मार्ग को पूरी तरह सुचारु होने में कम से कम दो से तीन दिन लग सकते हैं।
उधर, यमुनोत्री धाम की यात्रा भी प्रभावित हुई। घोड़ा पड़ाव के पास बोल्डर गिरने से पैदल मार्ग एक घंटे के लिए बाधित रहा, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले मौसम और मार्ग की स्थिति की जानकारी अवश्य लें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
