रायपुर, 1 अगस्त 2025।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज संसद भवन में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी से सौजन्य भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को आगामी 1 नवंबर 2025 को रायपुर में आयोजित होने वाले छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ – अमृत रजत महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक न्योता दिया।
मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री को राज्य सरकार की प्राथमिक योजनाओं, विकास संबंधी रोडमैप और सामाजिक-आर्थिक सुधारों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ तेजी से प्रगति कर रहा है और यह आयोजन प्रदेश के लिए ऐतिहासिक क्षण होगा।
‘अंजोर विज़न @2047’ और समावेशी विकास पर फोकस
मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार ने ‘अंजोर विज़न @2047’ तैयार किया है, जो शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, नवाचार और पर्यावरण जैसे क्षेत्रों में व्यापक सुधारों को लक्षित करता है। यह दस्तावेज़ विकसित भारत की अवधारणा के अनुरूप छत्तीसगढ़ के समावेशी व सतत विकास की रणनीति प्रस्तुत करता है।
‘जन विश्वास विधेयक 2025’ से न्याय प्रणाली में पारदर्शिता
मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री को अवगत कराया कि राज्य सरकार ने केंद्र के “जन विश्वास अधिनियम 2023” से प्रेरणा लेकर “जन विश्वास विधेयक 2025” पारित किया है। इससे न्यायिक प्रक्रियाएं अधिक पारदर्शी बनी हैं और नागरिकों की न्याय तक पहुंच सरल हुई है।
राजधानी क्षेत्र को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने की योजना
नवा रायपुर के नियोजित विकास के लिए गठित राज्य राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण (SCRDA) के माध्यम से राजधानी को एक आधुनिक, स्मार्ट और गतिशील शहरी केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।
औद्योगिक निवेश में रिकॉर्ड वृद्धि, सेमीकंडक्टर और AI हब की नींव
मुख्यमंत्री ने बताया कि नवीन औद्योगिक नीति 2024-30 के तहत राज्य में सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया गया है, जिससे उद्योगों की स्थापना अब अधिक त्वरित और पारदर्शी हो गई है।
नवंबर 2024 से जुलाई 2025 के बीच राज्य को 84 कंपनियों से ₹6.65 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले हैं।
देश की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट नवा रायपुर में स्थापित की जा रही है, साथ ही एआई डेटा सेंटर का निर्माण भी शुरू हो गया है।
टेक्सटाइल, फार्मा, रेडीमेड गारमेंट और आईटी सेवाओं को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे छत्तीसगढ़ तकनीकी और औद्योगिक हब के रूप में उभर रहा है।
मेडिसिटी और एडुसिटी से स्वास्थ्य-शिक्षा के क्षेत्र में क्रांति
मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री को बताया कि रायपुर में ‘मेडिसिटी’ और ‘एडुसिटी’ की स्थापना हो रही है। मेडिसिटी एक उन्नत मेडिकल हब बनेगा, जहां उच्च गुणवत्ता की स्वास्थ्य सुविधाएं और रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।
नक्सल क्षेत्रों में शांति और विकास की बहाली
मुख्यमंत्री ने नक्सल प्रभावित इलाकों में चल रहे पुनर्वास व विश्वास बहाली कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि राज्य सरकार की नीति के तहत कई नक्सली आत्मसमर्पण कर चुके हैं। इन क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार और बुनियादी ढांचे का तेजी से विस्तार किया गया है, जिससे आम जनता का विश्वास शासन में बढ़ा है।
