छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां देर रात एक कार अनियंत्रित होकर नाले में गिर गई। हादसे में भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष पंकज दास मानिकपुरी (38) और लोकेश साहू (35) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, सभी लोग बिलाईगढ़ जिले के भटगांव से गरियाबंद के प्रसिद्ध भूतेश्वर नाथ मंदिर दर्शन के लिए निकले थे। रविवार देर रात करीब 2 बजे जब वे फिंगेश्वर थाना क्षेत्र से गुजर रहे थे, तभी कार चालक पंकज दास को झपकी आ गई। इससे वाहन अनियंत्रित होकर एक पत्थर से टकराया और फिर पास के नाले में जा गिरा।
दरवाजे लॉक, रात भर फंसे रहे अंदर
हादसे के बाद कार के दरवाजे लॉक हो गए, जिससे सभी यात्री अंदर ही फंस गए। रातभर घायल लोग मदद के लिए चिल्लाते रहे, लेकिन सुनसान क्षेत्र होने की वजह से कोई सहायता नहीं मिल सकी। सुबह करीब 5 से 6 बजे जब ग्रामीण शौच के लिए उस दिशा में गए तो उन्होंने नाले में गिरी कार को देखा।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार के दरवाजे तोड़े और अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। तब तक पंकज और लोकेश की मौत हो चुकी थी। अन्य तीन घायलों — राजेश कुमार आदित्य, ननकी साहू और दयाराम यादव — को फिंगेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने पर फिंगेश्वर थाना प्रभारी गौतम गावड़े मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा कर उन्हें पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों को सूचित कर दिया गया है और पोस्टमॉर्टम के बाद शव सौंपे जाएंगे। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
