योगेश यादव/सारंगढ़-बिलाईगढ़, 6 अगस्त 2025- जिले में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने एक महत्वपूर्ण बैठक लेकर स्कूलों के प्राचार्य, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बीआरसी से बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम और छात्रों की उपस्थिति की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान कलेक्टर ने खासतौर पर उन स्कूलों को चिन्हांकित किया, जिनका दसवीं व बारहवीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम 50% से कम रहा है।
कलेक्टर ने प्राचार्यों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि यदि अगली बोर्ड परीक्षा में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ, तो संबंधित स्कूलों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उपस्थिति कम तो जिम्मेदारी तय होगी
कलेक्टर ने कहा कि जिन स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति कम दर्ज हो रही है, वहां तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं। अनुपस्थित रहने वाले छात्रों से उनके घर जाकर संपर्क करें और पालकों को जागरूक कर स्कूल भेजने के लिए प्रेरित करें।
हर माह होगी परीक्षा, पुराने प्रश्नपत्रों का अभ्यास अनिवार्य
बोर्ड परीक्षा परिणाम सुधारने के लिए हर माह 10वीं और 12वीं के छात्रों की परीक्षा आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए पिछले पांच वर्षों के मॉडल प्रश्नपत्र और वर्तमान सिलेबस के आधार पर तैयारी करवाई जाए।
सतत निरीक्षण और विशेष निगरानी की व्यवस्था
कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने जिला, विकासखंड और संकुल स्तर के अधिकारियों को नियमित रूप से स्कूलों का दौरा करने के निर्देश दिए हैं। विशेष रूप से 50% से नीचे प्रदर्शन करने वाले स्कूलों के लिए जिला स्तर के अधिकारियों को नोडल बनाया गया है।
शिक्षा के साथ नैतिक शिक्षा पर जोर
कलेक्टर ने कहा कि विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम की पढ़ाई नहीं, बल्कि नैतिक शिक्षा भी दी जानी चाहिए
जिन छात्रों का जाति, आय और निवास प्रमाण पत्र अब तक नहीं बना है, उनके लिए जल्द से जल्द फार्म भरवाकर एसडीएम और तहसीलदार से संपर्क कर प्रमाण पत्र बनवाएं, ताकि उन्हें आगे किसी योजना का लाभ लेने में दिक्कत न हो।
बड़ा ऐलान: बेहतर रिजल्ट पर मिलेगा इनाम
ऐसेहाईस्कूल जिनका इस बार का परीक्षा परिणाम 40% से कम रहा है और यदि वे अगले सत्र में 90% परिणाम लाते हैं, तो उन्हें ₹1 लाख का पुरस्कार दिया जाएगा।
कक्षा 12वीं में ऐसा प्रदर्शन करने वाले स्कूलों को ₹2 लाख तक की राशि दी जाएगी।
नो-टोबेको जोन का कड़ाई से पालन
कलेक्टर ने कोटपा एक्ट का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। स्कूल की सीमा से 100 मीटर के दायरे को “तंबाकू मुक्त क्षेत्र” घोषित किया गया है। यदि कोई तंबाकू उत्पाद बेचता पाया जाता है, तो संबंधित एसडीएम को तत्काल सूचित करने को कहा गया।
इस महत्वपूर्ण बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी जे.आर. डहरिया, सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बीईओ, बीआरसी और स्कूलों के प्राचार्य मौजूद रहे।
