एनएच-44 पर दर्दनाक हादसा: डंपर ने कांवड़ियों को कुचला, 2 की मौत, 9 घायल

मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में गुरुवार रात एनएच-44 पर बंडोल थाना क्षेत्र के चोरगरठिया गांव के पास कांवड़ियों का जत्था दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। बनारस से जल लेकर महाराष्ट्र के अकोला लौट रहे कांवड़ियों को तेज रफ़्तार डंपर ने कुचल दिया। हादसा रात करीब 11 बजे सेंटर प्वाइंट होटल के सामने हुआ, जिसमें मौके पर ही 2 लोगों की मौत हो गई और 9 गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महाराष्ट्र के अकोला जिले के 30–35 कांवड़ियों का दल रात 10 बजे भोजन करने के बाद पैदल यात्रा जारी रखे हुए था। उनके पीछे एक ट्रैक्टर चल रहा था। अचानक तेज रफ़्तार डंपर ने ट्रैक्टर को ज़ोरदार टक्कर मारी, जिससे ट्रैक्टर आगे चल रहे कांवड़ियों के ऊपर चढ़ गया। घटना की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा, एसडीओपी पूजा पांडे, एसडीएम मेघा शर्मा सहित पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर और फिर जिला अस्पताल पहुंची। डॉक्टरों की कमी के कारण शुरुआती उपचार में कुछ विलंब हुआ, लेकिन बाद में अतिरिक्त चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती कर घायलों का इलाज शुरू किया गया। एएसपी दीपक मिश्रा ने बताया कि हादसे में कुल 11 लोग घायल हुए, जिनमें 2 ने दम तोड़ दिया, जबकि 3 की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी घायल महाराष्ट्र के अकोला जिले के रहने वाले हैं और काशी से जल लेकर लौट रहे थे। अस्पताल में भर्ती घायलों ने बताया कि वे सभी एक साथ पैदल चल रहे थे, तभी पीछे से आए डंपर ने ट्रैक्टर को टक्कर मारी, जिससे ट्रैक्टर कांवड़ियों के ऊपर पलट गया और चीख-पुकार मच गई।