मॉल में बड़ा हादसा: लिफ्ट गिरने से बच्चों समेत 11 लोग घायल, महिलाओं की हालत गंभीर

छिंदवाड़ा के लालबाग क्षेत्र स्थित V2 शॉपिंग मॉल में गुरुवार देर शाम एक बड़ा हादसा हो गया। मॉल की लिफ्ट अचानक नीचे गिर गई, जिससे उसमें सवार 11 लोग घायल हो गए। घायलों में 5 महिलाएं और 2 बच्चे शामिल हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लिफ्ट चौथी मंजिल से नीचे गिर गई। बताया जा रहा है कि लिफ्ट का वायर अचानक टूट गया, जिससे यह हादसा हुआ। हादसे के बाद मॉल में अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ जैसे हालात बन गए।

घायलों को तत्काल उपचार के लिए निजी अस्पतालों में भेजा गया है। हादसे में घायल पांच महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी को शहर के अलग-अलग प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। सब इंस्पेक्टर नारायण बघेल ने बताया कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही मॉल के स्टाफ और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को लिफ्ट से बाहर निकाल लिया गया था और उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। लिफ्ट की तकनीकी खामियों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की भी पड़ताल की जा रही है। इस हादसे ने मॉल की व्यवस्थाओं और सुरक्षा उपायों पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।