कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने स्कूलों का किया औचक निरीक्षण,, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और खानपान पर विशेष फोकस

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 8 अगस्त 2025:
जिले में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और बच्चों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे द्वारा लगातार स्कूलों और छात्रावासों का आकस्मिक निरीक्षण किया जा रहा है। उनके औचक निरीक्षणों से विभागीय कर्मचारियों में कार्य के प्रति गंभीरता बढ़ी है और लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कदम भी उठाए जा रहे हैं।

बुधवार को कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने गुडेली, गोडम, फरसवानी और हरदी के हाईस्कूलों में पालक-शिक्षक मीटिंग की तैयारियों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पालकों की कम उपस्थिति को लेकर नाराजगी जताई और संबंधित स्कूल प्राचार्यों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

इतना ही नहीं, गुडेली हाईस्कूल की जीवविज्ञान विषय की व्याख्याता उमा चौहान को भी कोर्स पूरा न कराने के चलते नोटिस थमाया गया है।

बच्चों से सीधा संवाद, ज्ञान और अभिरुचि का परीक्षण

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने बच्चों से संवाद कर उनकी शिक्षा स्तर, अभिरुचि और भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली। विश्व जनसंख्या घनत्व और ओम का नियम जैसे विषयों पर प्रश्न पूछकर बच्चों की जानकारी की परख की।

शुक्रवार 8 अगस्त को सुबह 10 बजे कलेक्टर ने शासकीय उच्च प्राथमिक शाला माधोपाली का भी औचक निरीक्षण किया। वहाँ उन्होंने शिक्षकों की अंग्रेजी पढ़ाने की शैली को देखा और ब्लैकबोर्ड में लिखे शब्दों को बच्चों से पढ़वाकर उनके ज्ञान का परीक्षण किया।

मध्यान्ह भोजन की भी ली जानकारी

निरीक्षण के दौरान बच्चों से मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता और समय पर मिलने की स्थिति के बारे में भी जानकारी ली गई। कलेक्टर ने साफ किया कि बच्चों के शिक्षा के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य और पोषण का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है।