बीए-बीएड और बीएससी-बीएड में अब 12वीं के अंकों से होगा एडमिशन, व्यापम ने परीक्षा लेने से किया इनकार… पढ़िए पूरी खबर

रायपुर। इस साल छत्तीसगढ़ में बीए-बीएड और बीएससी-बीएड पाठ्यक्रमों में प्रवेश अब 12वीं के अंकों के आधार पर होंगे। व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) ने इन कोर्सों की प्रवेश परीक्षा आयोजित करने से मना कर दिया है।

दरअसल, राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (SCERT) को राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत इन दोनों पाठ्यक्रमों का नाम बदलकर इंटीग्रेटेड टीचर्स ट्रेनिंग प्रोग्राम करना था और फिर व्यापम को परीक्षा कराने का प्रस्ताव भेजना था। लेकिन धीमी प्रक्रिया के कारण यह कार्य तय समय सीमा में पूरा नहीं हो सका। अंततः व्यापम ने देरी का हवाला देते हुए परीक्षा लेने से इनकार कर दिया।

एक ही चरण में प्रवेश, एक बार जारी होगी मेरिट लिस्ट
स्कूल शिक्षा विभाग ने आदेश जारी किया है कि प्रवेश प्रक्रिया एक ही चरण में पूरी की जाएगी और मेरिट लिस्ट केवल एक बार जारी होगी। कॉलेज अपने स्तर पर दाखिले देंगे और बाद में सूची SCERT को भेजी जाएगी।

चार कॉलेजों में मात्र 250 सीटें
प्रदेश में बीए-बीएड की 100 और बीएससी-बीएड की 150 सीटें हैं, जो केवल चार महाविद्यालयों में उपलब्ध हैं। इन कोर्स में प्रवेश के लिए 12वीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य है।

बीएड और डीएलएड की काउंसिलिंग डेट तय नहीं
इसके विपरीत, बीएड और डीएलएड में प्रवेश के लिए स्नातक की डिग्री आवश्यक है। इन पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा व्यापम द्वारा ली जा चुकी है और परिणाम भी घोषित हो चुके हैं, लेकिन SCERT अब तक काउंसिलिंग का शेड्यूल जारी नहीं कर सका है।

अगले सत्र से उच्च शिक्षा विभाग के अधीन आ सकते हैं कोर्स
सूत्रों के मुताबिक, अगले शैक्षणिक सत्र से बीए-बीएड और बीएससी-बीएड पाठ्यक्रमों को भी उच्च शिक्षा विभाग के अधीन लाने की तैयारी चल रही है।