स्वच्छता संगम-2025 में स्वच्छता दीदियों और उत्कृष्ट नगरीय निकायों का होगा सम्मान मुख्यमंत्री करेंगे 260 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन

रायपुर, 11 अगस्त 2025।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 12 अगस्त को बिलासपुर में आयोजित होने वाले ‘स्वच्छता संगम-2025’ में स्वच्छ सर्वेक्षण-2024-25 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नगरीय निकायों और स्वच्छता दीदियों को सम्मानित करेंगे। कार्यक्रम में वे 260 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 49 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे।

‘स्वच्छता संगम’ का आयोजन नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा बहतराई स्थित इंडोर स्टेडियम में किया जाएगा, जिसमें राज्यभर के नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के जनप्रतिनिधि, अधिकारी और 9,000 से अधिक स्वच्छता दीदियां शामिल होंगी। इस अवसर पर 46 शहरों में जीआईएस आधारित ऑनलाइन संपत्ति कर पोर्टल का भी शुभारंभ होगा।

स्वच्छता संगम में सात नगरीय निकायों को राष्ट्रीय स्तर पर राष्ट्रपति द्वारा पुरस्कृत होने का गौरव मिला है, जबकि संभाग स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 30 से अधिक नगरीय निकायों को भी सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान राज्य स्तरीय स्वच्छता और शहरी सौंदर्यीकरण प्रतियोगिता की शुरुआत होगी, जिसका उद्देश्य प्रशासनिक कौशल, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण में सुधार करना है।

मुख्यमंत्री 63.57 करोड़ रुपये की लागत के 24 कार्यों का लोकार्पण और 197 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 25 कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। इनमें व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स, एसटीपी, इंजीनियरिंग कॉलेज छात्रावास, सड़कों का चौड़ीकरण और मजबूतीकरण, नल-जल योजनाएं, शिक्षा और बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्य, गौरव पथ और पुल निर्माण शामिल हैं।

इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, विधायकगण और महापौर पूजा विधानी समेत अनेक जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।