नवांशहर ग्रेनेड धमाके के आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार, 15 अगस्त को बड़े हमले की फिराक में थे

नवांशहर ग्रेनेड धमाके के आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार, 15 अगस्त को बड़े हमले की फिराक में थे

पंजाब के नवांशहर में हुए ग्रेनेड धमाके के मुख्य आरोपियों को राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) और पंजाब पुलिस ने मिलकर जयपुर और टोंक में दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया है। कुल छह बदमाशों में तीन नाबालिग भी शामिल हैं। ये बदमाश 15 अगस्त को दिल्ली और मध्यप्रदेश में बड़े धमाके की साजिश रच रहे थे।

यह कार्रवाई तब हुई जब पंजाब पुलिस ने राजस्थान पुलिस को नवांशहर ब्लास्ट के संदिग्धों के बारे में अलर्ट भेजा। एजीटीएफ के अतिरिक्त एसपी सिद्धांत शर्मा के नेतृत्व में टीम ने जयपुर रेंज और अजमेर रेंज के आपराधिक इलाकों में छापेमारी की। जांच के बाद पुलिस ने जितेंद्र चौधरी उर्फ रितिक (टोंक), संजय (हनुमानगढ़) और सोनू उर्फ काली (कपूरथला, पंजाब) सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया। तीन नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि ये बदमाश लॉरेंस गैंग के लिए काम करते हैं। इनका हैंडलर कनाडा में रह रहा जीशान अख्तर है, जिसने मुंबई में बाबा सिद्धीकी की हत्या की जिम्मेदारी ली थी। जीशान, लॉरेंस गैंग के महाराष्ट्र और अन्य राज्यों के कामकाज का संचालन करता है। वह पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी, पंजाब के गैंगस्टर गोपी नवाशहरिया और मनु अगवान से भी जुड़ा हुआ है।

गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि नवांशहर में शराब की दुकान के सामने ग्रेनेड धमाका करने के लिए हैंड ग्रेनेड पाकिस्तान से जीशान ने भेजवाए थे। धमाके के बाद वे राजस्थान भाग गए थे। सुरक्षा एजेंसियां पाकिस्तान से हथियारों की सप्लाई चैन की भी जांच कर रही हैं।

15 अगस्त के आसपास दिल्ली और ग्वालियर में बड़े हमले की साजिश रच रहे इन बदमाशों को पुलिस ने समय रहते दबोचकर बड़ा हादसा टाल दिया है। आरोपियों को पंजाब पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन सेल को सौंप दिया गया है।