रायपुर, 12 अगस्त 2025 –
श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय श्रम मंत्री श्री मनसुख एल. मंडाविया से सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ में कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के नर्सिंग कॉलेज की स्थापना के लिए अनुरोध पत्र सौंपा।
मंत्री देवांगन ने बताया कि राज्य बीमा अधिनियम की धारा 59 (बी) के तहत निगम अपने चिकित्सा संस्थानों की बेहतरी के लिए नर्सिंग कॉलेज की स्थापना कर सकता है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ तेजी से विकास की ओर अग्रसर है, और नर्सिंग कॉलेज की स्थापना से न केवल श्रमिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि बीमित श्रमिकों के बच्चों को आरक्षित सीटों पर प्रवेश का भी लाभ मिलेगा।
इसके साथ ही, मंत्री ने कोरबा ईएसआईसी अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए लंबित रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति की मांग दोहराई। उन्होंने बताया कि पिछली बैठक में इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई थी और आदेश भी जारी हो चुके हैं। अब जरूरत है कि डॉक्टर और अन्य चिकित्सा कर्मियों की भर्ती प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए, ताकि श्रमिकों को गुणवत्तापूर्ण इलाज मिल सके।
मुलाकात के दौरान प्रदेश में संचालित विभिन्न श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं पर भी चर्चा हुई और केंद्रीय मंत्री से मार्गदर्शन प्राप्त किया गया।
