छत्तीसगढ़ में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की दिशा में बड़ा कदम : मेकाहारा बनेगा 700 बेड का एकीकृत अस्पताल

रायपुर, 18 अगस्त 2025। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने नया रायपुर मंत्रालय में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों के साथ अहम बैठक की। बैठक में डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति अस्पताल (मेकाहारा) के नवीनीकरण, नए निर्माण कार्यों और 700 बेड के एकीकृत अस्पताल के निर्माण को लेकर गहन चर्चा हुई।

क्षेत्रीय कैंसर संस्थान व सिकलसेल संस्थान का निर्माण जल्द

बैठक में मंत्री जायसवाल ने निर्देश दिए कि क्षेत्रीय कैंसर संस्थान, चिकित्सा छात्रों के लिए हॉस्टल और सिकलसेल संस्थान के निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से छत्तीसगढ़ की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा मिलेगी और मरीजों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी।

सुरक्षा और आपातकालीन प्रबंधन पर जोर

बैठक में अस्पताल में फायर फाइटिंग सिस्टम के निर्माण और उन्नयन कार्यों पर भी विचार किया गया। मंत्री जायसवाल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सुरक्षा और आपातकालीन प्रबंधन के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं।
उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में हमारा लक्ष्य मेकाहारा अस्पताल को आधुनिक और सुरक्षित स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित करना है। यह अस्पताल न केवल रायपुर बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की स्वास्थ्य सेवाओं का मजबूत आधार बनेगा।”

उच्चस्तरीय टीम ने किया विचार-विमर्श

इस बैठक में स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया, आयुक्त चिकित्सा शिक्षा शिखा राजपूत, छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन (सीजीएमएससी) के प्रबंध संचालक रितेश अग्रवाल, रायपुर मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. विवेक चौधरी, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर और लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।