बदरीनाथ धाम और गोपेश्वर में स्पाइडरमैन मुखौटा पहनकर उपद्रव करने वाला युवक गिरफ्तार

बदरीनाथ धाम और जिला मुख्यालय गोपेश्वर में स्पाइडरमैन का मुखौटा पहनकर आमजन और श्रद्धालुओं को परेशान करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर चालानी कार्रवाई की है। युवक की करतूत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लगातार लोगों ने इसकी शिकायत पुलिस से की थी।

क्या है मामला?
हाल ही में गोपेश्वर क्षेत्र में एक वीडियो सामने आया, जिसमें एक युवक स्कूल की छुट्टी के समय सड़क पर स्पाइडरमैन मास्क पहनकर डांस करता दिखा। उसकी इस हरकत से बच्चों और राहगीरों को परेशानी हुई, साथ ही यातायात भी प्रभावित हुआ।

यही नहीं, आरोपी ने श्री बदरीनाथ धाम में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भी इसी तरह तंग किया। इस हरकत से आमजन और तीर्थयात्रियों में आक्रोश फैल गया।

तकनीकी जांच से हुई पहचान
लगातार शिकायतों पर मीडिया सेल चमोली ने वायरल वीडियो की तकनीकी जांच की। जांच में आरोपी की पहचान अभिषेक नेगी, निवासी गौंणा के रूप में हुई।

पुलिस की कार्रवाई
थाना श्री बदरीनाथ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को थाने लाकर पुलिस एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की। साथ ही भविष्य में ऐसी हरकत न करने की सार्वजनिक माफी भी उससे मंगवाई गई।