छत्तीसगढ़ में दो जिलों से बोरी में मिली लाशें, हत्या की आशंका से सनसनी

छत्तीसगढ़ के रायपुर और बिलासपुर जिलों में दो अलग-अलग घटनाओं में बोरी से शव मिलने से सनसनी फैल गई है। दोनों ही मामलों में हत्या की आशंका जताई जा रही है।

रायपुर : इस्पात कंपनी के कर्मचारी की हत्या

रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह मेटल पार्क के पास स्थानीय लोगों ने बोरी में एक युवक का शव देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद किया। मृतक की पहचान रामा माड़ेक (उम्र 25-30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो उरला स्थित RR इस्पात में कार्यरत था।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में युवक के सिर पर गहरी चोट के निशान मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसकी पत्थर से कुचलकर हत्या की गई। शव को बाद में बोरी में छिपाकर फेंक दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए SSP, CSP और FSL की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने 3 संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। प्राथमिक तौर पर हत्या का कारण अवैध संबंध माना जा रहा है।

बिलासपुर : नदी किनारे मिली महिला की लाश

वहीं बिलासपुर जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम शिवटिकरी में रविवार दोपहर नदी किनारे एक बोरी में बंधी हुई महिला की लाश मिली। बोरी को तार और पत्थरों से कसकर बांधा गया था। शव से दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
एडिशनल एसपी अर्चना झा ने बताया कि महिला की उम्र 20 से 30 वर्ष के बीच है और शव 4 से 5 दिन पुराना प्रतीत होता है। अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस हत्या कर शव को ठिकाने लगाने की आशंका जता रही है।

दोनों मामलों की जांच जारी

रायपुर और बिलासपुर की इन वारदातों से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस दोनों ही मामलों में हत्या की पुष्टि कर जांच में जुटी हुई है।