त्योहारों पर यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे चलाएगा पूजा स्पेशल ट्रेनें, बिलासपुर-रायपुर से भी विशेष सेवाएं

रायपुर/बिलासपुर, 30 अगस्त 2025।
त्योहारों के दौरान यात्रियों की भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने इस बार 150 पूजा स्पेशल ट्रेनों का संचालन करने का फैसला लिया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) बिलासपुर और रायपुर से लेकर पश्चिम मध्य रेलवे भोपाल और कोटा जैसे प्रमुख स्टेशनों तक यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा दी जाएगी।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर जोन से दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर्व के अवसर पर यात्रियों के लिए 4 पूजा स्पेशल ट्रेनें 30 फेरों में चलाई जाएंगी।

दुर्ग – हजरत निजामुद्दीन के बीच 8 फेरे

गाड़ी संख्या 08760 दुर्ग से 5 अक्टूबर से 23 नवंबर तक हर रविवार को रवाना होगी। यह सुबह 10:45 बजे दुर्ग से चलेगी और अगले दिन सुबह 11:10 बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 08761 हजरत निजामुद्दीन से 6 अक्टूबर से 24 नवंबर तक हर सोमवार को रवाना होगी।
यह ट्रेन रायपुर, पेंड्रा रोड, अनूपपुर, शहडोल, कटनी, सागर, झांसी, आगरा कैंट और मथुरा सहित कई स्टेशनों पर रुकेगी। ट्रेन में 20 कोच होंगे, जिनमें एसी, स्लीपर और जनरल डिब्बे शामिल रहेंगे।

बिलासपुर – यलहंका (बेंगलुरु) के बीच 22 फेरे

गाड़ी संख्या 08261 बिलासपुर से 9 सितंबर से 18 नवंबर तक हर मंगलवार को रवाना होगी।
गाड़ी संख्या 08262 यलहंका से 10 सितंबर से 19 नवंबर तक हर बुधवार को चलेगी।
यह ट्रेन बिलासपुर, भाटापारा, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, डोंगरगढ़ और गोंदिया स्टेशनों पर ठहरेगी।