पं. रविशंकर यूनिवर्सिटी ने बढ़ाई एडमिशन की तारीख, अब 5 सितंबर तक मिलेगा मौका

रायपुर। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर से संबद्ध कॉलेजों और प्राइवेट यूनिवर्सिटी में प्रवेश लेने की योजना बना रहे लेकिन किसी कारणवश एडमिशन से वंचित रह गए छात्रों के लिए अच्छी खबर है। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने प्रवेश की अंतिम तिथि में बढ़ोतरी कर दी है। अब छात्र 5 सितंबर 2025 तक स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों (प्रथम सेमेस्टर) में एडमिशन ले सकेंगे।

विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार ने अधिसूचना जारी कर बताया कि राज्य शासन के उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार शैक्षणिक सत्र 2025-26 में छात्रहित को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। रिक्त सीटों को भरने के लिए छात्रों को ऑनलाइन के साथ-साथ ऑफलाइन प्रवेश की भी सुविधा दी गई है।

निर्देश के मुताबिक, महाविद्यालयों और अध्ययनशालाओं के प्राचार्य व अध्यक्ष रिक्त सीटों पर ऐसे छात्रों को भी प्रवेश दे सकेंगे, जिन्होंने पूर्व में ऑनलाइन आवेदन नहीं किया है। इसके लिए छात्रों को संस्थान में आवेदन प्रस्तुत करना होगा। हालांकि, कॉलेजों को अनिवार्य रूप से 10 सितंबर 2025 तक सभी ऑफलाइन प्रवेश का विवरण विश्वविद्यालय पोर्टल पर अपडेट करना होगा। यदि निर्धारित समय सीमा में यह जानकारी अपडेट नहीं की गई, तो प्रवेश स्वतः निरस्त माना जाएगा। इस स्थिति के लिए संबंधित प्राचार्य या प्रवेश प्रभारी जिम्मेदार होंगे।

यूनिवर्सिटी प्रशासन का कहना है कि इस निर्णय से उन विद्यार्थियों को राहत मिलेगी, जो अब तक विभिन्न कारणों से एडमिशन से वंचित रह गए थे।