बलौदाबाजार। शनिवार को जिले के पलारी थाना अंतर्गत सेमरिया गांव में बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पेट्रोल से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। टैंकर पलटते ही उसमें भीषण आग लग गई और देखते ही देखते पूरा टैंकर आग की लपटों में घिरकर खाक हो गया।
तेज धमाके के साथ लगी आग के कारण आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही पलारी पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल विभाग की टीम ने मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
गनीमत रही कि हादसे में टैंकर चालक पूरी तरह सुरक्षित है और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। हादसे के कारण मार्ग पर कुछ समय तक यातायात भी बाधित रहा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
