रायगढ़ में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, 50 हजार की रिश्वत लेते आबकारी उप निरीक्षक रंगे हाथों गिरफ्तार

रायगढ़ में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, 50 हजार की रिश्वत लेते आबकारी उप निरीक्षक रंगे हाथों गिरफ्तार

रायगढ़। भ्रष्टाचार के खिलाफ छत्तीसगढ़ एसीबी ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में पदस्थ आबकारी उप निरीक्षक संतोष कुमार नारंग को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार, धरमजयगढ़ निवासी सुनीत टोप्पो ने एसीबी बिलासपुर कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया कि 19 अगस्त को आबकारी उप निरीक्षक संतोष कुमार नारंग उनके ग्राम पंडरी महुआ गांव स्थित घर पहुंचा और शराब बनाने का आरोप लगाकर घर की तलाशी लेने लगा। इस दौरान उसने कागज पर पीड़िता की मां से हस्ताक्षर भी कराए। बाद में कार्रवाई से बचाने के एवज में 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की।

शिकायत पर एसीबी ने जाँच के बाद आज ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने आरोपी आबकारी उप निरीक्षक को रिश्वत की पूरी रकम लेते हुए रंगे हाथों धर दबोचा।

एसीबी ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 (संशोधित अधिनियम 2018) के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।