टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा के विवादित बयान पर रायपुर में FIR दर्ज,, जानिए आखिर क्या है पूरा मामला

रायपुर, 31 अगस्त। पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद महुआ मोइत्रा के विवादित बयान पर रायपुर में FIR दर्ज की गई है। सांसद महुआ मोइत्रा ने हाल ही में गृहमंत्री अमित शाह को लेकर कहा था कि “अगर घुसपैठ हो रही है तो अमित शाह का सिर काटकर टेबल पर रख देना चाहिए।”

इस बयान को लेकर रायपुर निवासी गोपाल सामंतों ने माना थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने महुआ मोइत्रा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196 और 197 के तहत मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता ने सांसद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, महुआ मोइत्रा के इस बयान पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। छत्तीसगढ़ बीजेपी प्रवक्ता दीपक उज्जवल ने कहा कि “इंडिया गठबंधन के दल लगातार उग्रवादी और नक्सलियों जैसी भाषा का उपयोग कर रहे हैं। विपक्ष जानबूझकर ऐसे बयान दे रहा है।”

गौरतलब है कि महुआ मोइत्रा ने यह विवादित टिप्पणी पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में घुसपैठ के मुद्दे पर मीडिया से बातचीत के दौरान दी थी। उन्होंने सवाल उठाया था कि यदि प्रधानमंत्री खुद स्वीकार कर रहे हैं कि घुसपैठ हो रही है तो फिर इसकी जिम्मेदारी केंद्रीय गृह मंत्रालय और गृहमंत्री की बनती है।

सांसद के इस बयान ने राजनीतिक हलकों में नई बहस छेड़ दी है और अब मामला FIR दर्ज होने के बाद और गंभीर हो गया है।