नई दिल्ली। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में जीएसटी परिषद की 56वीं बैठक आज बुधवार (3 सितंबर) से शुरू हो रही है। यह बैठक दो दिनों तक चलेगी और कल 4 सितंबर को इसका समापन होगा। बैठक का आयोजन नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में किया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, परिषद की इस अहम बैठक में जीएसटी टैक्स स्लैब में बड़े बदलाव का ऐलान हो सकता है। माना जा रहा है कि मौजूदा 12% और 28% वाले टैक्स स्लैब को पूरी तरह से समाप्त कर दिया जाएगा। इसके बाद, 12% वाले अधिकांश सामान और सेवाएं 5% टैक्स स्लैब में आ जाएंगे, वहीं 28% टैक्स स्लैब वाले सामान और सेवाएं 18% टैक्स स्लैब में शिफ्ट किए जाएंगे।
क्या होगा सस्ता
जीएसटी स्लैब में बदलाव होने पर कई रोजमर्रा की और लग्जरी वस्तुएं सस्ती हो सकती हैं। इनमें –
-
टूथपेस्ट, शैंपू और टैल्कम पाउडर
-
टीवी और एयर कंडीशनर जैसे इलेक्ट्रॉनिक्स
-
कार और बाइक शामिल हैं।
क्या हो सकता है महंगा
परिषद की चर्चा के मुताबिक, कुछ ही सेवाओं पर टैक्स दर बढ़ने की संभावना है। इनमें फ्लाइट टिकट महंगा हो सकता है।
परिषद में कौन-कौन
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बैठक की अध्यक्षता करेंगी। परिषद में 33 सदस्य शामिल हैं, जिनमें सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के वित्त मंत्री, केंद्रीय राज्य मंत्री, अतिरिक्त सचिव और सीबीईसी अध्यक्ष जैसे वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि केंद्र सरकार अक्टूबर की शुरुआत तक जीएसटी व्यवस्था के तहत नए सुधार लागू करने की समयसीमा के करीब पहुंच रही है।
