सरकारी स्कूल में तंत्र-मंत्र, कोयल की बलि देकर फैलाया अंधविश्वास – बच्चे और शिक्षक दहशत में

दुर्ग। जिले के बोरसी थाना क्षेत्र के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार सुबह अजीबोगरीब दृश्य देखने को मिला। स्कूल खुलते ही शिक्षकों और बच्चों ने देखा कि प्रिंसिपल कक्ष के सामने किसी ने तंत्र-मंत्र की क्रिया की है। परिसर में खून से सनी एक कोयल, नींबू, सिंदूर और अजीबोगरीब तांत्रिक चिह्न पाए गए। यह नजारा देखकर बच्चे और शिक्षक सहम गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान हो सके। फिलहाल, यह साफ नहीं हो पाया है कि इस कृत्य के पीछे किसका हाथ है और इसका मकसद क्या था।

घटना से डरे हुए शिक्षक और परिजन इतने सहमे कि टोटके की काट के लिए बैगा को बुलाकर पूजा करवाई गई। बैगा ने अगरबत्ती, कपूर और सिंदूर से तांत्रिक चिह्न मिटाकर टोटके की समाप्ति का दावा किया। इसके बाद ही शिक्षक और बच्चे कुछ हद तक शांत हो पाए।

ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राजेश्वरी चन्द्राकर ने कहा कि यह हरकत शरारती तत्वों की है, जो अंधविश्वास फैलाने और माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, कई बच्चों ने डर की वजह से कक्षाओं में जाने से इनकार कर दिया।

पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आरोपी की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।