दंतेवाड़ा/नारायणपुर, छत्तीसगढ़ – छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा और नारायणपुर जिलों की सीमा पर स्थित अबूझमाड़ के घने जंगलों में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच शुक्रवार को भीषण मुठभेड़ हुई। इस एनकाउंटर में अब तक 5 से 6 नक्सलियों के मारे जाने की सूचना है। इलाके में रुक-रुककर फायरिंग जारी है।
जानकारी के अनुसार, दंतेवाड़ा और नारायणपुर की डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) की संयुक्त टीम विशेष नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी। इसी दौरान पूर्वी बस्तर डिवीजन के अबूझमाड़ क्षेत्र में नक्सलियों ने अचानक सुरक्षाबलों पर हमला कर दिया। जवानों की मुस्तैदी और जवाबी कार्रवाई में कई नक्सली ढेर हो गए।
मुठभेड़ की पुष्टि दंतेवाड़ा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) गौरव राय ने की है। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ अब भी जारी है और इलाके में अतिरिक्त बल भेजे गए हैं। मारे गए नक्सलियों की शिनाख्त और घटनास्थल की सर्चिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
सूत्रों के मुताबिक, क्षेत्र में और भी नक्सलियों के छिपे होने की आशंका है। सुरक्षाबलों ने पूरे जंगल को घेर लिया है और ऑपरेशन को अंजाम देने में जुटे हैं।
