छत्तीसगढ़ का स्टील एक बार फिर इतिहास रच रहा है। दुनिया के सबसे ऊंचे चिनाब रेलवे ब्रिज, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी और INS विक्रांत जैसी अहम परियोजनाओं में योगदान देने के बाद अब भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से भेजे गए स्टील से मिजोरम की राजधानी आइजोल में देश का दूसरा सबसे बड़ा ब्रिज तैयार हुआ है।
करीब 30–35 हजार टन स्टील से बने इस पियर ब्रिज की ऊंचाई 114 मीटर है। तुलना करें तो चिनाब रेलवे ब्रिज की ऊंचाई 359 मीटर है। यह ब्रिज बइरबी-सायरंग रेल प्रोजेक्ट का हिस्सा है, जिसके तहत टनल, ट्रैक और ब्रिज निर्माण में बिलासपुर जोन की इंजीनियरिंग टीम, मशीनरी और तकनीकी विशेषज्ञों ने अहम भूमिका निभाई।
आजादी के बाद पहली बार मिजोरम की राजधानी आइजोल को रेल नेटवर्क से जोड़ा गया है। आने वाले समय में यह रेल लाइन म्यांमार बॉर्डर तक जाएगी। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से मिजोरम के विकास को नई दिशा मिलेगी।
ब्रिज और 51.38 किलोमीटर लंबी बइरबी-सायरंग रेल लाइन बनाने में 10 साल से अधिक का समय लगा। पहले इस रेल सफर को तय करने में 7 घंटे लगते थे, लेकिन अब यह दूरी महज 3 घंटे में पूरी हो सकेगी।
रेलवे के मुताबिक, यह प्रोजेक्ट 2014 में 5,020 करोड़ रुपये की लागत से शुरू हुआ था। हालांकि, निर्माण पर कुल 8,071 करोड़ रुपये खर्च हुए। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी महीने इस ऐतिहासिक ब्रिज और रेल लाइन का लोकार्पण कर सकते हैं।
