रायपुर 08 सितंबर 2025 : 3200 करोड़ रुपये के शराब घोटाले मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सुकमा स्थित कांग्रेस भवन से जुड़े अटैचमेंट का चालान कांग्रेस कार्यालय को सौंपा। जानकारी के मुताबिक, ईडी की टीम रविवार को कांग्रेस कार्यालय पहुंची और वहां कांग्रेस महामंत्री गैदु को यह दस्तावेज सौंपा। औपचारिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद ईडी अधिकारी वहां से रवाना हो गए।
गौरतलब है कि इस घोटाले की जांच ईडी कर रही है और इसी कड़ी में सुकमा स्थित कांग्रेस भवन को प्रोविजनल अटैच किया गया है। यह देश का पहला मामला है जब किसी राजनीतिक दल के कार्यालय को ईडी ने अटैच किया है। फिलहाल कांग्रेस की ओर से इस पूरे घटनाक्रम पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।
ईडी ने अपनी कार्रवाई में पूर्व मंत्री कवासी लखमा और उनके बेटे हरीश लखमा की रायपुर स्थित करीब 6 करोड़ रुपये की संपत्ति भी प्रोविजनल अटैच की है। इसमें सुकमा स्थित भूमि, भवन और बैंक खातों में जमा राशि शामिल है। बताया जा रहा है कि सुकमा का कांग्रेस कार्यालय भी हरीश लखमा के नाम पर दर्ज है, जिसे इस अटैचमेंट में शामिल किया गया है।
