
रीवा। सेवा पखवाड़ा के तहत रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा मंगलवार को जिले के बड़ागांव पंचायत पहुंचे। यहां उन्होंने मुसहर समाज के बच्चों को नहलाया, उनके नाखून काटे और गंदे कपड़े धोए।
सांसद मिश्रा ने ग्रामीण महिलाओं को समझाया कि बच्चों को नियमित रूप से नहलाना और कपड़े साफ करना क्यों जरूरी है। उन्होंने कहा, “स्वच्छता जीवन का अहम हिस्सा है। साफ-सुथरे रहकर ही स्वस्थ जीवन संभव है।”
बच्चों को स्कूल भेजने पर जोर
बच्चों को नहलाने और तैयार करने के बाद सांसद ने माता-पिता से अपील की कि वे बच्चों को स्कूल भेजने में लापरवाही न करें। उन्होंने कहा कि साफ-सुथरे रहकर स्कूल जाने से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे शिक्षा के महत्व को बेहतर ढंग से समझ पाएंगे।
पहले भी कर चुके हैं ऐसी पहल
यह पहली बार नहीं है जब सांसद जनार्दन मिश्रा ने इस तरह की पहल से चर्चा बटोरी हो। इससे पहले वे स्वच्छता अभियान के दौरान खुद शौचालय साफ कर चुके हैं। सांसद को बच्चों को नहलाते और कपड़े धोते देख गांव के लोग हैरान रह गए। ग्रामीणों का कहना था कि आमतौर पर सांसदों को इस रूप में नहीं देखा जाता।
