भोपाल, 20 सितंबर 2025 – राजधानी में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों के बढ़ते मामलों के बीच अब एक और विवाद सामने आया है। यह मामला हथाईखेड़ा क्षेत्र का है, जहां हिन्दू श्मशान भूमि (कब्रिस्तान) पर अवैध कब्जे का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में गोविंदपुरा एसडीएम रवीशकुमार श्रीवास्तव को शिकायत सौंपी गई है।
शिकायतकर्ता हरिओम शर्मा ने आरोप लगाया है कि हथाईखेड़ा स्थित सिविल अस्पताल के पास खसरा नंबर-45 की शासकीय भूमि पर मुगारिक मियां नामक व्यक्ति ने अवैध निर्माण कर वक्फ बोर्ड का बोर्ड लगाकर उसे मुस्लिम कब्रिस्तान घोषित कर दिया है। इतना ही नहीं, 15 अगस्त 2025 से अब तक तीन शवों को वहां दफनाया भी जा चुका है।
हरिओम शर्मा का दावा है कि संबंधित भूमि हिन्दू समुदाय के बच्चों के दफन के लिए आरक्षित है और आसपास केवल हिंदू, बौद्ध और सिख परिवार ही निवास करते हैं। मुस्लिम समुदाय के लोग अनंतपुरा क्षेत्र में रहते हैं, जहां खसरा नंबर-110 में उनके शवों के दफन की व्यवस्था है।
एसडीएम ने तलब किए दोनों पक्ष
मामले की गंभीरता को देखते हुए गोविंदपुरा एसडीएम ने दोनों पक्षों को नोटिस जारी कर 23 सितंबर को अपने-अपने दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यदि पक्ष दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करते हैं, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जांच टीम गठित
इधर, हथाईखेड़ा अस्पताल के पास सरकारी जमीन पर टीन शेड निर्माण और दुकानों के अवैध निर्माण की शिकायतों को लेकर भी प्रशासन सक्रिय हो गया है। एसडीएम कार्यालय ने राजस्व निरीक्षक जगदीश पटेल के साथ चार पटवारियों – सुरेंद्रप्रताप सिंह यादव, आशीष मिश्रा, महेश राजन और विमलेश गुप्ता – की टीम गठित कर जांच सौंपी है।
