आर्यन की वेब सीरीज पर भड़के समीर वानखेड़े, शाहरुख-गौरी और रेड चिलीज पर 2 करोड़ का मानहानि केस

नई दिल्ली। पूर्व एनसीबी अफसर समीर वानखेड़े ने बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान, उनकी पत्नी गौरी खान और उनके प्रोडक्शन हाउस रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट में मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया है। वानखेड़े ने अपनी याचिका में 2 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है।

दरअसल, मामला शाहरुख के बेटे आर्यन खान की डेब्यू वेब सीरीज “The Ba*ds of Bollywood” से जुड़ा है। नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई इस सीरीज के पहले एपिसोड में एक सीन दिखाया गया है, जो 2021 के क्रूज ड्रग्स केस और समीर वानखेड़े की छवि से मेल खाता है।

विवादित सीन

सीरीज में एक पार्टी का सीन है, जहां बॉलीवुड स्टार्स ड्रग्स और शराब का सेवन करते दिखाए गए हैं। इसी दौरान वानखेड़े से मिलता-जुलता एक किरदार, जो खुद को NCG (NCB की तर्ज पर) का अफसर बताता है, वहां छापा मारता है। वह पहले एक साधारण शख्स को पकड़ता है, लेकिन उसके बॉलीवुड से कनेक्शन न होने पर उसे छोड़ देता है। इसके बाद वह एक स्टार को पकड़ लेता है, जिसने केवल शराब पी थी, ड्रग्स नहीं।

वानखेड़े की आपत्ति

समीर वानखेड़े का आरोप है कि इस सीन के जरिए उनकी व्यक्तिगत और पेशेवर छवि को बदनाम करने की कोशिश की गई है। उनका कहना है कि शो न केवल भ्रामक और दुर्भावनापूर्ण है, बल्कि इससे ड्रग-विरोधी एजेंसियों पर जनता का विश्वास भी प्रभावित हो सकता है।

उन्होंने हाई कोर्ट में दाखिल याचिका में दावा किया कि यह सीरीज उनके खिलाफ जानबूझकर पक्षपातपूर्ण और मानहानिकारक सामग्री प्रसारित करती है।

पृष्ठभूमि

गौरतलब है कि साल 2021 में समीर वानखेड़े तब सुर्खियों में आए थे, जब उन्होंने शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को क्रूज ड्रग्स मामले में गिरफ्तार किया था। हालांकि, बाद में आर्यन को क्लीन चिट मिल गई और वे करीब 27 दिन जेल में रहने के बाद रिहा हुए।

सोशल मीडिया पर ट्रेंड

नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हुई इस सीरीज के विवादित सीन पर सोशल मीडिया में जमकर मीम्स बने। कई यूजर्स ने आर्यन की तारीफ की, तो वहीं वानखेड़े का मजाक भी उड़ाया गया। इसी वजह से अब पूरा मामला कानूनी पचड़े में पहुंच गया है।